3 जून 2019 - 14:37
ट्रम्प का विरोध प्रदर्शन से लंदन में स्वागत

अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ऐसी स्थिति में ब्रिटेन के 3 दिवसीय दौरे पर लंदन पहुंचे हैं कि ब्रिटेन वासी उनके दौरे के ख़िलाफ़ हैं और कई लाख ब्रिटिश नागरिक उनके दौरे के ख़िलाफ़ प्रदर्शन की तय्यारी कर रहे हैं।

अमरीकी राष्ट्रपति अपनी बीवी के साथ सोमवार को लंदन पहुंचे जहां वे रानी एलिज़ाबेथ द्वारा आयोजित दावत के कार्यक्रम में भाग लेंगे और इस्तीफ़ा का एलान कर चुकी ब्रिटिश प्रधान मंत्री टेरीज़ा मे से मुलाक़ात करेंगे।

लाखों की संख्या में ब्रिटिश वासियों ने ट्रम्प के दौरे के दौरान लंदन में प्रदर्शन का कार्यक्रम बनाया है।

इससे पहले शुक्रवार को लंदन में संसद की इमारत के ऊपर से ट्रम्प की शक्ल का 20 फ़िट ऊंचा ग़ुब्बारा उड़ाकर उनके इस दौरे का ब्रिटिश वासियों ने विरोध किया।

रिपोर्ट के अनुसार, जितने दिन ट्रम्प लंदन  में रहेंगे उतने दिन ट्रम्प की शक्ल का ग़ुब्बारा लंदन के आसमान में उड़ता रहेगा और इस तरह ब्रिटिश वासी उनके दौरे का विरोध जताते रहेंगे।

ट्रम्प के ब्रिटेन दौरे का न सिर्फ़ जनता विरोध कर रही है बल्कि वरिष्ठ ब्रितानी राजनेता भी उनके दौरे के ख़िलाफ़ हैं।